सोनौली : महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर निकली भव्य शोभायात्रा,भंडारा आज
सोनौली/महराजगंज। भारत नेपाल सीमा के सोनौली नगर पंचायत के एसएसबी रोड पर स्थित शिव मंदिर से महाशिवरात्रि के पूर्व संध्या पर बुधवार की देर शाम को भगवान शिव की बारात व भव्य झांकी निकाली गई। इस शिव बारात में बैलगाड़ी पर सवार भगवान शिव, माता पार्वती, राधा कृष्ण की झांकी काफी मनमोहक रही। इस क्रम में सबसे पहले शिव भक्त हाथ में केसरिया झंडा लहराते हुए ढोल नगाड़े की धुन पर बारात में नाचते- गाते और झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। इस बारात में युवक-युवतियों द्वारा अबीर- गुलाल भी खेला गया। वहीं बारात में भगवान शिव की आराधाना के साथ गीत भी गाए जा रहे थे। शिव बारात सोनौली कस्बे के एसएसबी रोड से निकल कर राष्ट्रीय राजमार्ग से चलते हुए रामजानकी मंदिर चौराहा होते हुए रोडवेज बस स्टैंड और नो-मैन्स लैंड से होकर पुनः एसएसबी रोड पर शिव मंदिर पहुंच कर समापन हुआ। इस दौरान शिव भक्तों ने शिवम त्रिपाठी सोनौली नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि का स्वागत किया। शिवम शिव बारातियों के साथ नगर में भ्रमण किए। इस शोभायात्रा में सुरक्षा के दृष्टिगत कोतवाल सोनौली दिनेश कुमार तिवारी,चौकी प्रभारी सोनौली अशोक कुमार पुलिस के जवानों के साथ मुस्तैद रहे। इस मौके पर रामानंद रौनियार, प्रदीप नायक,आशुतोष त्रिपाठी, अफरोज खान, राम अशीष तिवारी,भोला खान, मोहम्मद शरीफ, संजय तिवारी, संतोष पांडे, कृपाशंकर मद्धेशिया, राजकुमार नायक, राजू गुप्ता,गोरख सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
संवाददाता:दिलशाद अली


Leave Comments
Post a Comment