एसएसबी के साथ सेवा भारती, भाजपा व व्यापार मंडल की शिष्टाचार बैठक, सीमा क्षेत्र की समस्याओं पर हुई चर्चा
एसएसबी के साथ सेवा भारती, भाजपा व व्यापार मंडल की शिष्टाचार बैठक, सीमा क्षेत्र की समस्याओं पर हुई चर्चा
सोनौली, महराजगंज।
सीमा क्षेत्र की जटिल समस्याओं और समाधान को लेकर गुरुवार की दोपहर सेवा भारती जिला इकाई नौतनवा,भाजपा और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने एसएसबी 22वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट सी. विवेक से शिष्टाचार भेंट की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमा पर जनसुविधाओं, सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को लेकर संवाद स्थापित करना रहा।
बैठक के दौरान सेवा भारती के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रेम जायसवाल ने मौखिक और लिखित रूप में प्रमुख समस्याओं को बिंदुवार रूप से कमांडेंट के समक्ष प्रस्तुत किया। समस्याओं में सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन में बाधाएं, पेयजल संकट, पौधारोपण व स्वच्छता अभियान जैसे मुद्दे शामिल थे।
असिस्टेंट कमांडेंट सी. विवेक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सामाजिक संगठनों की सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीमा क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी और आगामी चार से पांच दिनों के भीतर सेवा भारती, भाजपा और अन्य संगठनों के सहयोग से संयुक्त पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
इस शिष्टाचार बैठक में सेवा भारती के संरक्षक गोपाल जोशी, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जायसवाल, जिला-पुर्नकालिक संदीप सिंह, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनोज राणा, राजू कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और भविष्य में सामाजिक और सुरक्षा संस्थानों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर बल दिया गया।
Leave Comments
Post a Comment