वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक, जुए और शराब में उड़ाते थे रकम
वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक, जुए और शराब में उड़ाते थे रकम
सोनौली,महराजगंज-
भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय एक अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सोनौली पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें तथा ₹10,200 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार रात यह सफलता हासिल हुई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 10:40 बजे उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सोनौली कस्बे में स्थित एसबीआई बैंक के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी और सत्यापन के दौरान उनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और ₹10,200 नकद बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेच देते थे। चोरी की बाइक बेचकर मिलने वाले पैसों से वे नेपाल जाकर शराब पीते थे तथा कैसीनो और जुए में रकम खर्च करते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद नकदी चोरी की मोटरसाइकिलों की बिक्री से प्राप्त हुई थी।
कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा
गिरोह ने पूछताछ में बताया कि बरामद हीरो एचएफ डीलक्स बाइक थाना पनियरा क्षेत्र से तथा यामाहा आर-15 बाइक थाना भिटौली क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अलावा आरोपियों ने थाना घुघली क्षेत्र से एक हीरो एचएफ डीलक्स और थाना परसामलिक क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेचने की बात भी स्वीकार की है।
न्यायालय में पेश
पुलिस ने बरामदगी एवं पूछताछ के आधार पर थाना सोनौली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की जांच में जुटी हुई है।


Leave Comments
Post a Comment